नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत सुवाखेड़ा गांव में मोबाइल टावर पर चढ़े युवक का मामला जमीन विवाद से जुड़ा होना सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक ने वर्ष 2017 में अपनी जमीन नीमच निवासी एक व्यक्ति को बेची थी। उसी पुराने लेन-देन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसके चलते युवक ने यह कदम उठाया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं। थाना प्रभारी जावद जितेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस एवं प्रशासन की टीम युवक को समझाइश देकर सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास कर रही है।

फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस स्थिति को नियंत्रित रखने और किसी भी अनहोनी से बचने के लिए पूरी सतर्कता बरत रही है।
