नीमच। नीमच के समीप सगराना घाटी क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बस स्टैंड पर एक युवक ने दिनदहाड़े 40 वर्षीय महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल नीमच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल महिला की पहचान यशोदा शर्मा (40), निवासी स्कीम नंबर 34 के रूप में हुई है। आरोप है कि राकेश चंदेल, निवासी जावद ने दोपहर करीब 1 बजे महिला पर चाकू से जानलेवा हमला किया। हमले में महिला के हाथ पर चाकू के दो गहरे वार लगे। चश्मदीदों के अनुसार आरोपी ने महिला की गर्दन पर वार करने का भी प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बीच-बचाव कर महिला को बचा लिया।
जिला अस्पताल में मीडिया से बातचीत में पीड़िता यशोदा शर्मा ने बताया कि वह और आरोपी राकेश पिछले करीब 14 वर्षों से आपसी संबंध में थे। कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था, जिसे आरोपी स्वीकार नहीं कर पा रहा था। आरोप है कि राकेश लगातार यशोदा पर साथ रहने का दबाव बना रहा था और बीते कई दिनों से उसे जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था।
पीड़िता ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। यशोदा का कहना है कि उसने इस संबंध में कई बार केंट थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी थी और धमकियों की ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी थी, लेकिन कथित तौर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता के अनुसार पुलिस ने यह कहकर मामला टाल दिया कि आरोपी अपनी सुरक्षा के लिए चाकू लेकर घूमता है, तथा ऑडियो के बजाय वीडियो सबूत लाने की बात कही गई।
फिलहाल महिला का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी राकेश चंदेल को राउंडअप कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता एवं उसके परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।