पिपलियामंडी। नगर में बीती रात चोरों ने जमकर हल्ला मचाया। अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय अज्ञात बदमाशों ने चोरी की कई वारदातों को अंजाम देने का प्रयास किया, जिससे पूरे नगर में दहशत का माहौल बन गया। रात के समय घरों के बाहर खड़े वाहनों और अन्य सामान को निशाना बनाया गया।

जानकारी के अनुसार नगर के एक क्षेत्र में चोरों ने घर के सामने खड़ी कार को धक्का देकर ले जाने की कोशिश की। काफी दूर तक कार को धकेलने के बाद भी चोर उसे स्टार्ट नहीं कर पाए। इसी दौरान आसपास हलचल बढ़ने और पकड़े जाने के डर से चोर कार को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें चोरों की गतिविधियां स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही हैं।

इसके अलावा नगर के अन्य हिस्सों में भी संदिग्ध लोगों के घूमने और घरों व वाहनों की रेकी करने की शिकायतें सामने आई हैं। कल शाम को थाना क्षेत्र से एक बाइक चोरी हो गई, वहीं बीती रात एक अन्य बाइक भी अज्ञात बदमाश चुरा ले गए। दोनों मामलों में फरियादियों ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

सुबह होते ही स्थानीय रहवासी एकत्र होकर पुलिस चौकी पिपलियामंडी पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज करवाई। रहवासियों ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे हैं, ताकि चोरों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जा सके। नगरवासियों का कहना है कि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग प्रशासन से की है।
