नीमच। कृषि उपज मंडी बघाना से ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया करीब 10 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद कर लिया है। इस सफलता पर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने थाना बघाना की टीम को सराहना दी है।

पुलिस अधीक्षक जायसवाल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम दांगी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

घटना का विवरण-
दिनांक 16 दिसंबर 2025 को फरियादी सुनील धाकड़, निवासी ग्राम चडोल थाना जावद ने थाना बघाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने स्वराज कंपनी के नीले रंग के ट्रैक्टर (क्रमांक डच्-44-ड-9119) एवं सफेद-केसरिया पट्टे वाली ट्रॉली से गांव के किसानों की मूंगफली बेचने कृषि उपज मंडी बघाना आया था। दोपहर करीब 12.30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली को गायत्री कॉम्प्लेक्स के सामने खड़ा कर वह फोटो कॉपी कराने गया। वापस लौटने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर अज्ञात बदमाशों द्वारा चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

पुलिस की कार्रवाई-
दिनदहाड़े हुई इस चोरी को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने मंदसौर-रतलाम हाईवे, टोल प्लाजा, पेट्रोल पंप एवं ढाबों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान दो आरोपी चोरी का ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर बड़नगर की ओर जाते दिखाई दिए। मुखबिर सूचना एवं साइबर सेल की सहायता से आरोपियों की पहचान कर शिवशक्ति पेट्रोल पंप, रूनिजा-बड़नगर रोड से डीजल भरवाने के साक्ष्य जुटाए गए।

इसके आधार पर पुलिस ने अल्ताफ पिता याकूब नायता (25 वर्ष) निवासी ग्राम उमरिया थाना बड़नगर जिला उज्जैन एवं गोपाल पिता कालू भील कटारा (20 वर्ष) निवासी ग्राम गोदड़िया थाना बामनिया जिला झाबुआ को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से चोरी गया स्वराज ट्रैक्टर एवं ट्रॉली, जिसकी कीमत लगभग 10 लाख रुपये है, बरामद कर ली गई है। प्रकरण में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

इनका रहा योगदान-
इस कार्रवाई में निरीक्षक राधेश्याम दांगी, उपनिरीक्षक आर.के. सिंघावट, सहायक उपनिरीक्षक सुनील सिंह, आनंद निषाद, प्रधान आरक्षक दिलीप जाट, कैलाश चौधरी, मनोज ओझा, मोनवीर सिंह, आरक्षक ओमप्रकाश पारगी, पंकज पाटीदार, दीपेश काबरा, चेतन सिंह, रोहित पटेल, कारूलाल गुर्जर, गिरधारीलाल तथा साइबर सेल नीमच से प्रदीप शिंदे, लखन सिंह एवं कुलदीप सिंह का सराहनीय योगदान रहा।
