नीमच। नीमच के फव्वारा चौक पर वर्दी में शराब के नशे में हंगामा करने वाले ट्रैफिक आरक्षक के खिलाफ पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने कड़ा कदम उठाया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रैफिक आरक्षक दौलतराम को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार आरक्षक की ड्यूटी गुरुवार को सुबह 9 बजे से 12 बजे तक फव्वारा चौक पर थी। ड्यूटी समाप्त होने के बाद दोपहर करीब 1.30 बजे वह उसी क्षेत्र में शराब के नशे में होटल संचालकों, लॉज कर्मचारियों, ऑटो चालकों एवं राहगीरों से अभद्र व्यवहार करता पाया गया। उसकी हरकतों के चलते कुछ समय के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।

प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बनाए गए वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित अधिकारियों ने आरक्षक को तत्काल ड्यूटी से हटाकर घर भेजा तथा पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को भेजी।

रिपोर्ट मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने आरक्षक को निलंबित करने के आदेश जारी किए। एसपी जायसवाल ने स्पष्ट किया कि पुलिस की वर्दी किसी को अनुशासनहीनता या अमर्यादित व्यवहार की अनुमति नहीं देती। ड्यूटी पर हो या ड्यूटी के बाद, प्रत्येक पुलिसकर्मी का आचरण अनुशासित, मर्यादित एवं जिम्मेदार होना चाहिए।

इस कार्रवाई को पूरे पुलिस महकमे के लिए सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। शहरवासियों ने त्वरित कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे पुलिस बल में अनुशासन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा सार्वजनिक दायित्वबोध बना रहेगा।