मंदसौर। खानपुरा क्षेत्र में सट्टा खाईवाल के पकड़े जाने की मुखबिरी के संदेह में सटोरियों द्वारा एक परिवार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सटोरियों ने शादाब व सुल्तान के घर में घुसकर महिलाओं और परिजनों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित शादाब ने शहर कोतवाली में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि सटोरिए इमरान सुन्नी, मोहसिन उर्फ भैय्यू मौलाना सहित अन्य साथियों ने 21 दिसंबर की रात करीब 12 बजे धारदार हथियार व लाठियों के साथ घर में घुसकर तोड़फोड़ की और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। इस दौरान महिलाओं को भी नहीं बख्शा गया। शादाब की मां, जिनके पैर का ऑपरेशन हो चुका है, उन्हें भी मारपीट में गंभीर चोटें आई हैं।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावर सट्टा कारोबार से जुड़े हैं और पुलिस से मिलीभगत का दावा करते हुए झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रिपोर्ट दर्ज कराने गए तो पुलिस ने पहले उनकी शिकायत नहीं ली।

पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, धमकी और तोड़फोड़ के आरोप में मामला दर्ज कर जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
