मंदसौर। जिले के दलौदा क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे में घर के बाहर खेल रही डेढ़ साल की बच्ची की लोडिंग वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज मंगलवार सुबह सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, दलौदा निवासी अभिषेक जैन की पुत्री घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पानी की केन से भरा एक लोडिंग वाहन वहां से गुजर रहा था। चालक को बच्ची दिखाई नहीं दी और वाहन आगे बढ़ गया। वाहन के बाएं ओर के पहिए बच्ची के ऊपर से गुजर गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बच्ची को उठाकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मर्ग कायम, जांच जारी-
एसडीओपी कीर्ति बघेल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
