नीमच। अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुकडेश्वर थाना क्षेत्र में गेहूं व रायड़ा की फसल की आड़ में की जा रही गांजे की अवैध खेती का खुलासा करते हुए पुलिस ने करीब 10 हजार हरे गांजे के पौधे (वजन 3 क्विंटल 12 किलो) जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई माननीय मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश के निर्देश पर, उज्जैन जोन के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित कुमार जायसवाल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कुकडेश्वर निरीक्षक भीम सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में कुकडेश्वर, मनासा और रामपुरा पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।

22 दिसंबर 2025 को मुखबिर से मिली सूचना पर ग्राम आमददृ-गसपुरिया (अमरगढ़) रोड स्थित खेत में दबिश दी गई, जहां पत्थर की मेड़ वाले खेत में अवैध गांजे की खेती पाई गई। मौके से लगभग 10 हजार छोटे-बड़े गांजे के पौधे जब्त किए गए। भूमि स्वामी की जानकारी राजस्व विभाग से प्राप्त की जा रही है।

गौरतलब है कि इसी माह 5 दिसंबर 2025 को भी कुकडेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम श्योपुरिया चक्कीवाला में लगभग 15 हजार गांजे के पौधे जब्त किए गए थे। इस कार्रवाई में कुकडेश्वर, मनासा व रामपुरा थाना पुलिस की भूमिका सराहनीय रही।
