बड़ीसादड़ी। सहकारिता मंत्री गौतम दक के गृह क्षेत्र बड़ीसादड़ी विधानसभा में प्रशासनिक लापरवाही और मनमानी को लेकर आरोप तेज होते जा रहे हैं। क्षेत्र में महिलाओं के साथ अवैध वसूली, दुर्व्यवहार, प्रताड़ना और अपमान की घटनाएं लगातार सामने आने से महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं उत्पन्न हो गई हैं।
सूत्रों के अनुसार अवैध वसूली की मांग पूरी नहीं करने पर महिलाओं को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किए जाने की शिकायतें बढ़ी हैं। हाल ही में मंगलवाड़ थाना क्षेत्र से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। वीडियो के सामने आने के बाद आमजन में भारी आक्रोश है और इसे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न बताया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे सरकारी दावे ज़मीनी स्तर पर प्रभावी दिखाई नहीं दे रहे हैं। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन की निष्क्रियता के चलते दोषियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है, ताकि पीड़ित महिलाओं को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।