नीमच। शहर के समीप हिंगोरिया फाटक के पीछे रहने वाले 25 वर्षीय युवक ने सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विशाल पिता गुड्डूलाल भील के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विशाल मंगलवार सुबह घर से नौकरी पर जाने की बात कहकर निकला था। वह जावद के मोरका स्थित पॉलिटेक्निक कॉलेज में कार्यरत था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। दोपहर करीब 3.30 बजे विशाल ने अपने भाई राकेश को फोन कर बताया कि उसने मल्हारगढ़ से आगे भैंसाखेड़ा गांव के जंगल क्षेत्र में सल्फास खा लिया है।

सूचना मिलते ही परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और विशाल को मोटरसाइकिल से नीमच जिला अस्पताल लेकर आए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे उदयपुर रेफर कर दिया। उपचार के लिए ले जाते समय रात करीब 11 बजे डबोक और उदयपुर के बीच रास्ते में विशाल की मौत हो गई।

आज बुधवार सुबह नीमच जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर है।

फिलहाल सल्फास खाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
