चित्तौड़गढ़। कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाना पुलिस ने शहर में गत मंगलवार को हुई चौपहिया वाहन चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चोरी की गई टवेरा कार बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने इसी माह शहर से टाटा इंडिगो कार चोरी करने की वारदात को भी स्वीकार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि 23 दिसंबर को भरत बाग के सामने स्थित टेम्पो शोरूम के बाहर से सोनुगिरी पुत्र बाबुगिरी गोस्वामी की टवेरा कार चोरी हो गई थी। इस संबंध में कोतवाली चित्तौड़गढ़ थाने पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ बृजेश सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी तुलसीराम (पुलिस निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएसआई लक्ष्मण सिंह, नवरंग लाल, चांदमल तथा कांस्टेबल राजेश कुमार, हरिराम, बलराम एवं प्रहलाद शामिल थे। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए एवं ह्यूमन इंटेलिजेंस के माध्यम से चोरी की वारदात में प्रयुक्त मारुति कार की पहचान की।

इसके आधार पर तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। गहन पूछताछ में उन्होंने टवेरा कार चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने 28 वर्षीय कालू पुत्र देवीलाल तेली निवासी शंभूपुरा थाना शंभूपुरा जिला चित्तौड़गढ़, 30 वर्षीय मुरली नायक पुत्र दयाराम नायक निवासी सतखंडा थाना सदर निम्बाहेड़ा तथा 35 वर्षीय इलियास हुसैन उर्फ सानू पुत्र इकबाल हुसैन पठान निवासी कजोड़पुरा सावा थाना शंभूपुरा को गिरफ्तार किया।

आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई टवेरा कार बरामद की गई। साथ ही चोरी की घटना में प्रयुक्त मारुति कार भी चोरी की होना पाई गई, जिसके संबंध में अनुसंधान जारी है। आरोपियों ने इसी माह 3 दिसंबर को संगम मार्ग स्थित कुकड़ा रिसोर्ट के सामने से टाटा इंडिगो कार चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की है। इस संबंध में भी पुलिस द्वारा आगे की पूछताछ और जांच की जा रही है।
