नीमच। कनावटी क्षेत्र के समीप एक कार द्वारा बाइक सवार को जोरदार टक्कर मारने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में दो व्यक्ति सवार थे। सूत्रों के मुताबिक कार सवारों के पुलिस विभाग से जुड़े होने की चर्चा है।

दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद एक पुलिसकर्मी वर्दी में मौके पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि उसे कार सवारों द्वारा ही घटनास्थल पर बुलाया गया था। प्रत्यक्षदर्शी दोनों कार सवारों को नशे की हालत में बता रहे हैं, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे में घायल बाइक सवार को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। समाचार लिखे जाने तक बाइक सवार की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।

मौके पर कैंट थाना प्रभारी अवस्थी भी पहुंच गए हैं। पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच की जा रही है।
