मंदसौर। बुधवार देर शाम मंदसौर शहर में हुई सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। गोल चौराहा क्षेत्र स्थित एक मकान में पति-पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी ने स्वयं को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। एक ही घर से तीन लोगों के शव मिलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही नए साल का जश्न मना रहे लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और साक्ष्य एकत्रित किए।

फायरिंग की आवाज से मची सनसनी-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार शाम गोल चौराहा क्षेत्र में एक के बाद एक गोलियों की आवाज सुनाई दी। घबराए लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो वहां दो पुरुष और एक महिला के शव पड़े मिले। मृतकों की पहचान सर्राफा व्यापारी दिलीप जैन, उनकी पत्नी रेखा जैन तथा राजस्थान के निंबाहेड़ा निवासी विकास सोनी के रूप में हुई।

लेनदेन विवाद में वारदात-
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विकास सोनी ने पहले पिस्टल और चाकू से दिलीप जैन एवं उनकी पत्नी रेखा जैन की हत्या की। इसके बाद उसने स्वयं को सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोना-चांदी के लेनदेन को लेकर दिलीप जैन और विकास सोनी के बीच विवाद चल रहा था। घटना के समय बातचीत के दौरान कहासुनी हुई, जो हाथापाई में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने पिस्टल निकालकर दिलीप जैन पर गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर रेखा जैन नीचे आईं, तो आरोपी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया।

घबराहट में आरोपी ने खुद को मारी गोली-
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा होने लगे। भीड़ बढ़ती देख आरोपी घबरा गया और उसने खुद को सिर में गोली मार ली।
पिस्टल-चाकू और CCTV DVR जब्त-
पुलिस ने मौके से पिस्टल और चाकू बरामद किए हैं। साथ ही घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी जब्त कर जांच की जा रही है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। वारदात के पीछे का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।