नीमच। जिला कांग्रेस कमेटी नीमच के नेतृत्व में जनहित के मुद्दों को लेकर भारत माता चौराहा पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। धरने में पूर्व सांसद एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री मीनाक्षी नटराजन ने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा सरकार आमजन के अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं को लगातार कमजोर कर रही है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी नरेगा योजना के तहत काम मांगने का अधिकार, शिक्षा, मताधिकार एवं मतदान प्रक्रिया के साथ-साथ किसानों, युवाओं और महिलाओं के हितों को शिथिल किया जा रहा है। सरकार जनसमस्याओं पर जवाब देने से बच रही है तथा उसका व्यवहार संसदीय गरिमा के अनुरूप नहीं है। राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे सवालों का भी सरकार संतोषजनक उत्तर नहीं दे पा रही है।
धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इसके पश्चात राज्यपाल मध्यप्रदेश एवं जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई।
ज्ञापन में ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों का तत्काल सर्वे कर मुआवजा देने, मनरेगा योजना को कमजोर करने के प्रयास रोककर उसे सशक्त बनाए रखने, लंबित फसल बीमा दावों का शीघ्र भुगतान कराने तथा अफीम फसल को भी फसल बीमा योजना के अंतर्गत शामिल करने की मांग की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसान गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और उन्हें शीघ्र राहत मिलना आवश्यक है।
इसके अतिरिक्त ग्राम राणापुर की वीरांगना स्व. कंचनबाई मेघवाल के बलिदान का उल्लेख करते हुए उनके परिवार को विशेष आर्थिक सहायता, पुत्र को शासकीय सेवा, आवास योजना का लाभ एवं मरणोपरांत राजकीय सम्मान देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
धरना-प्रदर्शन में जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू, महेश वीरवाल, मोनू लोक्स, आशा सांभर, महेंद्र सिंह ‘मन्नू’ बना, योगेश प्रजापत, आर. सागर कछावा, मंगेश संघई, सत्यनारायण पाटीदार, मधु बंसल, गजेंद्र यादव, बाबू सलीम, नाथूसिंह राठौड़, विनोद दक, कैलाश राठौर सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पृथ्वी सिंह वर्मा ने किया।