मंदसौर। वायडी नगर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स और डोडाचूरा की खेप पकड़ी है। मुखबिर सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने 29 मार्च 2026 को महू-नीमच हाईवे स्थित स्टील नगर के सामने मनोकामना महादेव मंदिर के पास एक काले रंग की हुंडई वरना कार (क्रमांक MP33C8850) को रोका। तलाशी के दौरान कार से 530 ग्राम एमडी ड्रग्स (कीमत करीब 5 लाख रुपये) और 5 किलोग्राम डोडाचूरा (कीमत करीब 10 हजार रुपये) बरामद किया गया।
मामले में आरोपी रमेशचंद्र पाटीदार (48) निवासी रठाना थाना अफजलपुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से कार और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल और सीएसपी जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि मादक पदार्थों के स्रोत और नेटवर्क का पता लगाया जा सके।