नीमच। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम पड़दा में गुरुवार को नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले ने उग्र रूप ले लिया। आरोपी के मकान को ढहाने की मांग को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनावपूर्ण स्थिति बन गई। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा तथा आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को तितर-बितर किया गया।
जानकारी के अनुसार गांव के ही 55 वर्षीय अब्दुल रहमान पर 13 वर्षीय बालिका से छेड़छाड़ का आरोप है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपी की गिरफ्तारी के साथ उसके अवैध मकान को बुलडोजर से गिराने की मांग की।
स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने आरोपी के मकान पर नोटिस चस्पा कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी। मौके पर जेसीबी मशीन भी पहुंचाई गई, लेकिन इसी बीच कुछ लोग आरोपी के घर में घुस गए और तोड़फोड़ कर सामान बाहर फेंक दिया।
पुलिस द्वारा रोकने पर भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को नियंत्रित किया। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है और गांव में शांति बनी हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उपद्रव करने वाले युवकों की पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर की जा रही है। अब तक पांच से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है तथा 10 मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं। गांव में एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।