मंदसौर। जिले के बसई क्षेत्र में आज सुबह लगभग 10 बजे एक युवती ने चंबल नदी में छलांग लगा दी। हालांकि समय रहते मछुआरों की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई।

जानकारी के अनुसार, अनीता पिता विष्णुदास बैरागी, निवासी ग्राम चाहखेड़ी, सुबह चंबल नदी किनारे पहुंची और कुछ ही देर बाद नदी में कूद गई। बताया जा रहा है कि घटना से पहले उसके साथ एक युवक मौजूद था, जिसके साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद युवक मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने अपनी स्कूटी और मोबाइल नदी किनारे छोड़ दिए थे। जैसे ही मछली पकड़ने वाले भोई समाज के लोगों ने उसे नदी में कूदते देखा, उन्होंने तुरंत नाव की मदद से मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

युवती को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद ग्रामीणों ने उसके परिजनों को सूचना दी और डायल 112 पर पुलिस को भी अवगत कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
