मंदसौर। गांधी चौराहा क्षेत्र में रविवार देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में घायल 19 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान सोमवार सुबह मौत हो गई। मृतक की पहचान नरसिंहपुरा निवासी अरुण पिता नानावटी बरगुण्डा के रूप में हुई है।
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल अरुण को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उसे रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। चिकित्सकों के अनुसार हमले में उसे गंभीर पेट की चोटें आई थीं। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सूचना मिलते ही सीएसपी जितेंद्र कुमार भास्कर, थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर सहित पुलिस बल मौके और अस्पताल पहुंचा तथा जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय चार लोग मौजूद थे, जिनमें से रोहित भाटी और युवराज माली ने अरुण पर चाकू से हमला किया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच करीब एक माह पूर्व किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो रविवार रात आमने-सामने आने पर हिंसक हो गया और चाकूबाजी की घटना में बदल गया।
घटना के बाद जिला चिकित्सालय में लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।