देवास। मेढ़की चक और नागू खेड़ी के बीच सुपर कॉरिडोर परियोजना को लेकर किसानों का विरोध लगातार उग्र होता जा रहा है। प्रशासन की टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, किसानों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हालात तब और तनावपूर्ण हो गए जब एक किसान जेसीबी मशीन के सामने लेट गया और चेतावनी दी कि यदि जबरन काम किया गया तो मशीन को उसके ऊपर से गुजरना होगा। किसानों का साफ कहना है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे और जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, आंदोलन जारी रहेगा।
मौके पर मौजूद निगमायुक्त दलिप कुमार ने बताया कि सुपर कॉरिडोर प्राधिकरण की 2021 की स्कीम है, जिस पर 2022 में आखिरी बार काम हुआ था, लेकिन उसके बाद यह परियोजना रुकी हुई थी। यह मास्टर प्लान का भी हिस्सा है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम दोबारा शुरू किया गया है।
उन्होंने कहा कि आज रेवेन्यू विभाग, पुलिस विभाग और नगर निगम की टीम सीमांकन के लिए मौके पर पहुंची है और किसानों को समझाइश दी जा रही है कि इस योजना से उन्हें फायदा होगा। प्रशासन का दावा है कि 7 से 8 महीनों में परियोजना का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
फिलहाल मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात है, जिससे क्षेत्र में स्थिति बेहद संवेदनशील बनी हुई है।