सिंगोली। नगर परिषद सिंगोली के नवीन भवन निर्माण का भूमि पूजन आज क्षेत्रीय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा द्वारा किया जाएगा। खास बात यह है कि इस भवन का भूमि पूजन पूर्व में दो बार भी हो चुका है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था।
जानकारी के अनुसार, नगर परिषद के नए भवन की मांग लंबे समय से नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा की जा रही थी। पूर्व में भवन निर्माण के लिए राशि भी स्वीकृत हुई और भूमि पूजन भी किया गया, लेकिन विभिन्न कारणों से निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ सका। बताया जाता है कि स्वीकृत राशि का उपयोग अन्य मदों में कर दिया गया या फिर राशि समय पर उपयोग न होने से निरस्त हो गई।
अब एक बार फिर लगभग 3 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से भवन निर्माण की योजना को गति दी गई है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की संभावना है।
हालांकि, यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि नगर परिषद पर पहले से ही करीब 70 लाख रुपये का कर्ज है। ऐसे में इतने बड़े बजट के निर्माण कार्य को निकाय निधि से कैसे पूरा किया जाएगा, इस पर सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों में यह भी उत्सुकता है कि क्या इस बार भवन निर्माण कार्य वास्तव में पूरा होगा या फिर पूर्व की तरह अधूरा ही रह जाएगा।