नीमच। जिले में दहेज प्रथा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई एवं जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार पूनिया को दहेज प्रतिषेध अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में जिले के सभी विभागों को निर्देशित किया है कि दहेज प्रतिषेध अधिकारी की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। इसके तहत शासकीय कार्यालयों के नोटिस बोर्ड, ब्लॉक स्तरीय बैठकों एवं ग्राम चौपालों में अधिकारी का नाम और संपर्क विवरण प्रदर्शित किया जाएगा।
दहेज प्रतिषेध अधिकारी प्रवीण कुमार पूनिया (मोबाइल- 9560024354) वर्तमान में जिला विधिक सहायता अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। इस पहल का उद्देश्य आमजन को कानूनी सहायता उपलब्ध कराना और दहेज प्रतिषेध कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि दहेज से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या जानकारी के लिए दहेज प्रतिषेध अधिकारी से संपर्क करें तथा इस सामाजिक कुरीति के उन्मूलन में सहयोग दें।