भौरासा। आज सुबह करीब 5 बजे जिला परिवहन विभाग द्वारा भौरासा टोल टैक्स के पास स्लीपर कोच यात्री बसों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान लंबी दूरी की बसों को रोककर उनके सुरक्षा मानकों और वैधानिक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की गई।
जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान के नेतृत्व में टीम ने बसों में अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार, पैनिक बटन, स्लाइडर सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच के दौरान जिन बसों में चालक सीट के पीछे अवैध रूप से पार्टीशन गेट पाया गया, उन्हें मौके पर ही हटवाया गया और संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए।
जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान ने बताया कि परिवहन आयुक्त एवं कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर लगातार स्लीपर बसों की जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान करीब 98 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई भी की गई।उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी बसों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया जा रहा है कि हाल ही में राजस्थान में हुई स्लीपर बस आगजनी की घटना के बाद विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।