नीमच। योगी नाथ समाज द्वारा आयोजित दो दिवसीय महायोगी गुरु गोरक्षनाथ प्रकट उत्सव का शुक्रवार को कलश यात्रा और धार्मिक कार्यक्रमों के साथ समापन हुआ। उत्सव के दूसरे दिन किलेश्वर महादेव मंदिर से विशाल वाहन रैली निकाली गई, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए खाटू श्याम मंदिर पहुंची। खाटू श्याम मंदिर से कलश यात्रा की शुरुआत हुई, जिसमें महिलाएं और बालिकाएं सिर पर मंगल कलश लेकर शामिल हुईं। समाजजन पारंपरिक वेशभूषा में नजर आए, जिसे नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कार्यक्रम में निर्गुण भजनों की प्रस्तुति दी गई। यात्रा पुनः किलेश्वर महादेव मंदिर पहुंची, जहां आरती के साथ समापन हुआ।