नीमच। जिले के अरनिया चंदेल गांव में सोमवार सुबह एक 5 वर्षीय बालक को जहरीले जीव ने काट लिया। जहरीले जीव के काटने से उसकी मौत हो गई। समय पर उपचार न मिलने और प्रारंभिक स्तर पर झाड़-फूंक का सहारा लेने से बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी।
ननिहाल में रह रहा था बालक-
मृतक प्रवीण (पिता दुर्गालाल नायक), निवासी पिपलिया मंडी (जिला मंदसौर), पिछले कुछ दिनों से अपने ननिहाल अरनिया चंदेल में रह रहा था।
घर के बाहर खेलते समय हुआ हादसा-
सोमवार सुबह करीब 8 बजे प्रवीण घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था, तभी किसी अज्ञात जहरीले जीव ने उसे काट लिया। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले जाने के बजाय झाड़-फूंक के लिए एक धार्मिक स्थल (देवरा) पर ले गए, जिससे काफी समय व्यतीत हो गया और जहर पूरे शरीर में फैल गया।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित-
जब बच्चे की हालत बिगड़ी, तब परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, समय पर उपचार मिलने पर बच्चे की जान बचाई जा सकती थी।
बिना पोस्टमार्टम कराए शव ले गए परिजन-
घटना के बाद अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हालांकि, उन्होंने कानूनी कार्रवाई एवं पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और सोमवार दोपहर को ही बालक का शव अपने पैतृक गांव पिपलिया मंडी लेकर रवाना हो गए।
पुलिस को दी गई सूचना-
मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।