नीमच। शहर के रोटरी हॉल में सोमवार को विप्र सेना ब्राह्मण समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जगद्गुरु श्री रामभद्राचार्य के शिष्य एवं बागेश्वर धाम से जुड़े प्रदेश अध्यक्ष पंडित रोहित नागर के आगमन पर समाजजनों ने उनका श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से भव्य स्वागत करते हुए आत्मीय अभिनंदन किया।
नई कार्यकारिणी गठन को लेकर दौरा-
अपने उद्बोधन में पंडित रोहित नागर ने बताया कि उनका यह दौरा विप्र सेना ब्राह्मण समाज की नई कार्यकारिणी के गठन के उद्देश्य से है। उन्होंने कहा कि संगठन का मूल उद्देश्य ब्राह्मण समाज को संगठित एवं सशक्त बनाना है, ताकि आवश्यकता के समय समाज का हर व्यक्ति एक-दूसरे के साथ खड़ा रह सके।
सेवा कार्यों पर दिया जोर-
उन्होंने बताया कि विप्र सेना द्वारा गरीब ब्राह्मण परिवारों, विशेषकर विधवाओं को हरसंभव सहायता प्रदान की जाती है। साथ ही मंदिरों के विकास एवं संचालन में भी सहयोग किया जाता है।
शिक्षा के क्षेत्र में पहल-
पंडित नागर ने जानकारी दी कि राजस्थान के चूरू जिले में ब्राह्मण विद्यार्थियों के लिए निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु विद्यालय संचालित किया जा रहा है, जिससे समाज के जरूरतमंद विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने समाज के लोगों से राजनीतिक रूप से जागरूक एवं सक्रिय होने का आह्वान किया, ताकि निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित-
बैठक में विप्र सेना की जिला अध्यक्ष अपेक्षा शर्मा, प्रमोद व्यास सहित समाज के अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को लेकर समाज में उत्साह एवं एकजुटता का माहौल देखने को मिला।