मनासा। अरनिया ढाणी क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। कपड़े धोने गई महिला और युवती की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे कचरी बाई पत्नी रामचंद्र रावत (50 वर्ष) और पायल पिता जैतराम रावत कपड़े धोने के लिए पानी के पास गई थीं।

बताया जा रहा है कि कपड़े धोने के दौरान अचानक पायल का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। बेटी को डूबता देख कचरी बाई बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में उतर गईं। लेकिन पानी अधिक गहरा होने और तेज बहाव के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सकीं और डूब गईं।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है तथा पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम शाम करीब 5रू30 बजे रामपुरा अस्पताल में किया गया।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
