नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम रूपपुरा में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक कुंदन पिता शिवलाल (7 वर्ष), निवासी ढोलपुरा, गर्मी की छुट्टियों के चलते कुछ दिन पहले अपनी मौसी के घर ग्राम रूपपुरा आया हुआ था। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 4 बजे वह खेलते-खेलते गांव के तालाब के पास पहुंच गया। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिरकर डूब गया।

चप्पल तैरती दिखी तो मचा हड़कंप-
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तालाब में चप्पल तैरती दिखाई देने पर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने तलाश शुरू की और बच्चे को तालाब से बाहर निकाला। गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया-
बुधवार सुबह जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम किया गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
