सिंगोली। थाना क्षेत्र के तिलस्वां घाट में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। भीलवाड़ा से सिंगोली आ रही सवारियों से भरी शिवशक्ति बस अनियंत्रित होकर घाट में पलट गई। हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद बस चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1.45 बजे भीलवाड़ा की ओर से सिंगोली आ रही शिवशक्ति बस क्रमांक आरजे 20 पीबी 1553 तिलस्वां घाट में पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इसी दौरान सिंगोली से करीब 9 किलोमीटर दूर घाट में बस का संतुलन बिगड़ गया और बस पलटी खाते हुए नीचे जा गिरी।
बताया जा रहा है कि बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना के तुरंत बाद चालक और कंडक्टर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डायल-112, एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से घायलों को सिंगोली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। अधिकांश घायलों को हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं।
अस्पताल में मचा हड़कंप-
घायलों के अस्पताल पहुंचते ही उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। अपनों को घायल अवस्था में देखकर अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भाजपा जिला महामंत्री ने दिखाई तत्परता-
हादसे के दौरान बिजौलिया की ओर से सिंगोली आ रहे भाजपा जिला महामंत्री अशोक सोनी विक्रम ने सड़क पर लोगों की भीड़ देखकर वाहन रोका। जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा को सूचना दी तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया।
दो गंभीर घायलों को किया रेफर-
जानकारी के अनुसार हादसे में एक महिला और एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे अस्पताल-
घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल भी अस्पताल पहुंचे और थाना प्रभारी से दुर्घटना की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निजी चिकित्साकर्मियों ने भी संभाला मोर्चा-
हादसे में बड़ी संख्या में घायलों की सूचना मिलने पर निजी चिकित्सक डॉ. अर्जुन धाकड़ एवं डॉ. रईस खान भी अपने स्टाफ के साथ अस्पताल पहुंचे और उपचार कार्य में सहयोग किया।
लापरवाही से संचालन पर उठे सवाल-
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंगोली से बिजौलिया और भीलवाड़ा रूट पर चलने वाली कई बसों का संचालन लापरवाहीपूर्वक किया जाता है। आरोप है कि बस संचालक कम समय में अधिक फेरे लगाने के लिए तेज रफ्तार में बसें चलाते हैं, जिससे यात्रियों की जान जोखिम में पड़ती है। राजस्थान पंजीयन वाली बसों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से बस संचालकों और चालक-कंडक्टरों की मनमानी लगातार बढ़ रही है। घटना की सूचना मिलने पर नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन भाया सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।