चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ अर्बन कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड द्वारा आयोजित रजत जयंती गौरव महोत्सव इंदिरा प्रियदर्शिनी ऑडिटोरियम में भव्य रूप से संपन्न हुआ।
सहकारिता में ईमानदारी सफलता की कुंजी: कटारिया
मुख्य अतिथि पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि सहकारिता में सफलता की पहली प्राथमिकता ईमानदारी से कार्य कर संस्था के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए सतत प्रयास करना है। इसी आधार पर बैंक ने 25 वर्ष पूर्ण कर रजत जयंती समारोह का आयोजन किया है। उन्होंने कहा कि जनता भले ही कम बोले, लेकिन कार्य करने वालों को अवश्य परखती है।
उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया चित्तौड़गढ़ को महाराणा प्रताप के शौर्य और पन्नाधाय के बलिदान से जानती है, और यही समर्पण सहकारिता में आगे बढ़ने की पहली सीढ़ी है। उन्होंने बैंक के कार्यों की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मध्यवर्ग की मजबूती में सहकारिता अहम: देवनानी-
समारोह की अध्यक्षता राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने की। उन्होंने कहा कि मध्यवर्गीय परिवारों के आर्थिक आधार को मजबूत करने में सहकारिता महत्वपूर्ण माध्यम है। चित्तौड़गढ़ अर्बन बैंक ने इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य स्वर्ण जयंती तक पहुंचने का होना चाहिए, जो जनविश्वास से ही संभव है।
सहकारिता को जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत: दक
सहकारिता मंत्री गौतम कुमार दक ने कहा कि विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के लिए सहकारिता के संस्कार आमजन तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने बैंक के प्रयासों की सराहना की।
जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
कार्यक्रम में सांसद सी.पी. जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, श्रीचंद कृपलानी, अर्जुनलाल जीनगर तथा भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने विचार व्यक्त कर बैंक की सफलता की शुभकामनाएं दीं।
संस्थापक अध्यक्ष ने साझा की 25 वर्षों की यात्रा
संस्थापक एवं बैंक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया ने स्वागत उद्बोधन में 25 वर्षों की यात्रा का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनविश्वास और मजबूत ग्राहक संबंध ही बैंक की सबसे बड़ी पूंजी है। बैंक ने अनेक लोगों को सूदखोरी के चंगुल से बचाया है और भविष्य में भी इसी दिशा में कार्य जारी रहेगा।
दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर 25 वर्षों की यात्रा पर आधारित चलचित्र का प्रदर्शन भी किया गया। संचालन अजय गगरानी ने किया।
गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित
समारोह में पूर्व विधायक अशोक नवलखा, उपभोक्ता भंडार अध्यक्ष सुरेश झवर, भूमि विकास बैंक अध्यक्ष बद्रीलाल जाट, पूर्व जिला प्रमुख भैरोसिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रजत जयंती गौरव सम्मान
कार्यक्रम में बैंक के पूर्व निदेशकों, संस्थापक सदस्यों, ग्राहकों एवं स्टाफ सदस्यों का शॉल, स्मृति चिन्ह एवं अभिनंदन पत्र से सम्मान किया गया।
डॉ. सेठिया को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आई.एम. सेठिया को सहकारिता, बैंकिंग, सीए प्रोफेशन, सामाजिक कार्य एवं जनजागरूकता में उल्लेखनीय योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
नवीन ऋण योजनाओं का शुभारंभ
अतिथियों द्वारा ई-व्हीकल एवं एलपीजी आधारित वाहन ऋण, सरकारी एवं निजी कर्मचारियों के लिए ग्रुप फाइनेंस योजना, एमएसएमई को रियायती दर पर ऋण, ऑनलाइन केवाईसी एवं व्हाट्सएप बैंकिंग जैसी नई योजनाओं का शुभारंभ किया गया।