चित्तौड़गढ़/जयपुर। राजस्थान में नौतपा के साथ गर्मी अपने चरम पर पहुंच रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले दिनों में कई जिलों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंच सकता है। राज्य में अगले चार दिन भीषण गर्मी और लू का दौर जारी रहने की संभावना है।
तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 16 में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार को तीन जिलों में सीवियर हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट तथा 16 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। पश्चिमी राजस्थान में स्थिति सबसे अधिक गंभीर बनी हुई है, जहां दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहने लगी हैं।
इस सप्ताह गर्मी का पीक फेज
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार यह सप्ताह राजस्थान में गर्मी का ‘पीक फेज’ साबित हो सकता है। रविवार को श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। टोंक, अलवर, चूरू, बीकानेर, फलोदी और कोटा में भी तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच गया। जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर में सीवियर हीटवेव दर्ज की गई, जबकि बाड़मेर, जालोर, हनुमानगढ़, भरतपुर, धौलपुर, करौली और चित्तौड़गढ़ सहित कई जिले लू की चपेट में रहे।
28 मई के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 28 मई के बाद एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कुछ हिस्सों में बादल छाने, तेज आंधी, हल्की बारिश तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। यह सिस्टम जून के पहले सप्ताह तक प्रभावी रह सकता है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना जताई गई है, हालांकि उमस बढ़ सकती है।
जयपुर सहित बड़े शहरों में लू का असर
राजधानी जयपुर में रविवार को लगातार दूसरे दिन तेज गर्मी रही। अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 31.4 डिग्री रहा। सुबह से शाम तक लू का असर बना रहा। अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और कोटा में भी तेज धूप एवं गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।
मौसम विभाग की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने तथा बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। लगातार बढ़ते तापमान के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ गया है।