मंदसौर। जिले के संजीत कस्बे में रविवार शाम से लापता 16 वर्षीय बालिका चेतन का शव सोमवार दोपहर तालाब में बरामद किया गया। एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला।

चप्पल मिलने पर जताई गई थी डूबने की आशंका-
जानकारी के अनुसार वाल्मीकि समाज की 16 वर्षीय चेतन (पुत्री जगदीश बाली) रविवार शाम करीब 5 बजे घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने तलाश शुरू की, इसी दौरान संजीत बस स्टैंड के पास स्थित तालाब के किनारे उसकी चप्पलें मिलीं, जिसके बाद डूबने की आशंका जताई गई।

रविवार शाम से चला था सर्च ऑपरेशन-
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शाम करीब 6 बजे सर्चिंग शुरू की गई। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी रेस्क्यू में शामिल हुई। रात करीब साढ़े 4 घंटे तक तलाश जारी रही, लेकिन अंधेरा और कम दृश्यता के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा।

सोमवार सुबह मिला शव-
सोमवार सुबह 10.30 बजे एसडीआरएफ और गोताखोरों ने पुनः सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब पौने दो घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर 12.15 बजे किशोर का शव तालाब से बरामद कर लिया गया।

पुलिस जांच में जुटी-
नाहरगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
