नीमच। रीवा में कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने हुई साध्वी दुर्घटना के विरोध में रविवार को नीमच में सकल जैन समाज द्वारा जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। पार्श्वनाथ दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में समाजजनों ने वाहन रैली निकालकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा तथा जैन साधु-संतों की सुरक्षा के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था एवं राष्ट्रीय संत सुरक्षा नीति लागू करने की मांग की।
मुनि महाराजों के मार्गदर्शन में हुआ प्रदर्शन-
मुनि वैराग्य सागर जी महाराज एवं मुनि सुप्रभ सागर जी महाराज के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
शहर के प्रमुख मार्गों से निकली वाहन रैली-
सुबह फोर जीरो भारत माता चौराहा से वाहन रैली प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंची, जहां जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार संजय मालवीय को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन का वाचन नव निर्वाचित अध्यक्ष ने किया-
दिगंबर जैन समाज के नवनिर्वाचित अध्यक्ष विमल सरावगी द्वारा ज्ञापन का वाचन किया गया। ज्ञापन में 20 मई को रीवा जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट भवन के सामने राष्ट्रसंत आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज की शिष्या आर्यिका श्री श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका श्री 105 उपशममति माताजी के साथ हुई दुर्घटना का उल्लेख करते हुए गहरा आक्रोश एवं दुख व्यक्त किया गया।
संत सुरक्षा को लेकर उठाई गई मांगें-
समाजजनों ने मांग की कि जैन साधु-संतों के विहार के दौरान विशेष सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया जाए, राष्ट्रीय स्तर पर संत सुरक्षा नीति बनाई जाए तथा रीवा दुर्घटना की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
शासन-प्रशासन से संवेदनशीलता की अपील-
प्रदर्शन के दौरान समाजजनों ने संतों की सुरक्षा को धार्मिक आस्था एवं सामाजिक सम्मान से जुड़ा विषय बताते हुए शासन-प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ ठोस कदम उठाने की अपील की।