चित्तौड़गढ़। डॉ. कलाम एजुकेशनल एंड वेलफेयर सोसायटी (रजि.) निंबाहेड़ा के तत्वावधान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन चित्तौड़गढ़ रोड स्थित वंडर टाउन हॉल में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अशोक नवलखा रहे, जबकि अध्यक्षता राजस्थान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने की।
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं सीके ग्रुप के डायरेक्टर वसीम खान, यदुपति सिंघानिया इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के प्राचार्य के.एल. जोशी, भाजपा नगर महामंत्री आशीष टांक, सर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सोनी, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष जंग बहादुर पठान, अय्यूब खान, जावेद खान तथा प्रदेश मीडिया प्रभारी ऋषभ जैन सहित कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत रत्न डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि के साथ की गई। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का मेवाड़ी पगड़ी एवं उपरना पहनाकर स्वागत किया।
सोसायटी संरक्षक प्रदीप मोदी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए संस्था द्वारा पिछले दस वर्षों से विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन हेतु किए जा रहे शैक्षणिक एवं देशभक्ति आधारित कार्यक्रमों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि अशोक नवलखा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “सपने वे नहीं होते जो हम रात में नींद में देखते हैं, बल्कि सपने वे हैं जो हमें सोने नहीं देते।” उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का उल्लेख करते हुए कहा कि 11 मई 1998 को पोखरण में हुए ‘ऑपरेशन शक्ति’ ने भारत को वैश्विक परमाणु शक्ति के रूप में स्थापित किया।
समारोह अध्यक्ष हमीद खान मेवाती ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है। प्रतिभाओं को सम्मानित करने से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और नई पीढ़ी को अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हैं।
सोसायटी अध्यक्ष भेरूलाल टांक एवं संस्थापक अशरफ मेव ने बताया कि इस वर्ष निंबाहेड़ा शहरी एवं तहसील क्षेत्र के विभिन्न सीबीएसई एवं राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के विद्यालयों के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले 123 प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
समारोह संयोजक दशरथ कुमार टांक ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया। कार्यक्रम का संचालन सुरेश कुमावत ने किया तथा आभार संस्थापक अशरफ मेव ने व्यक्त किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।