कंजार्डा। भगवान श्री चार भुजा की पावन नगरी कंजार्डा में पांच दिवसीय पंच कुंडिया महायज्ञ महोत्सव सोमवार (25 मई) को पूर्ण आहुति और भव्य महाप्रसादी के साथ संपन्न हो गया। 21 मई से शुरू हुए इस पांच दिवसीय धार्मिक महोत्सव के दौरान पूरा क्षेत्र धर्ममय माहौल में सराबोर रहा। प्रतिदिन सुबह-शाम गूंजती वैदिक मंत्रों की ध्वनियों ने वातावरण को पूरी तरह से पवित्र और आध्यात्मिक बना दिया।
महोत्सव के दौरान आयोजित पंच कुंडिया महायज्ञ में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने यज्ञवेदी में घी की आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि खुशहाली की कामना की। यज्ञशाला में आचार्यों द्वारा किए गए वैदिक मंत्रोच्चार से पांचों दिन तक माहौल गुंजायमान रहा।
महोत्सव के विशेष आकर्षणों में तीन दिवसीय श्नानी बाई का मायराश् कथा रही। कथावाचक के मुखारविंद से बही इस ज्ञान गंगा की ग्रामीणों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इसके साथ ही सुप्रसिद्ध भजन गायक प्रेम शंकर जाट की एक भव्य भजन संध्या का भी आयोजन हुआ, जिसमें देर रात तक श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए।
इस विशेष अवसर पर भगवान चार भुजा (कंजार्डा श्याम) के मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटिंग और सुंदर फूलों से बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया था। 25 मई को महायज्ञ की पूर्ण आहुति के बाद एक विशाल महाप्रसादी (भंडारे) का आयोजन किया गया।इस अवसर पर पांच दिनों तक मेला भी लगाया गया जिसमें ग्रामीणों ने खूब खरीददारी की।
पांच दिनों तक चले इस महोत्सव में आस-पास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में भक्तों ने कंजार्डा श्याम के दरबार में पहुंचकर दर्शन लाभ लिए और धर्म लाभ कमाया। ग्रामीण स्तर पर इस तरह के भव्य आयोजन की हर कोई सराहना कर रहा है।इस पुनीत अवसर पर राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर, पवन पाटीदार ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर पठार वासियों का मनमोह लिया। समिति द्वारा स्वागत किया गया।पुलिस व्यवस्था भी सराहनीय रही।