माउंट आबू। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर माउंट आबू स्थित पुराणों में वर्णित काशी विश्वनाथ मंदिर, हनुमान मंदिर एवं साईं धाम में लगातार धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में प्रसिद्ध श्री मारुति सुंदरकांड सेवा समिति द्वारा भव्य सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
33 कोटी देवी-देवताओं के वास स्थल माने जाने वाले इस पावन धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुंदरकांड की संगीतमय प्रस्तुति ने भक्तों को भावविभोर कर दिया। समिति के सदस्यों द्वारा भक्ति रस से ओतप्रोत भजनों की सुंदर प्रस्तुति दी गई।
भजन संध्या में भजन गायक लक्ष्मण सिंह गुजराल, उज्जवल सोनी, मनीष, श्रवण सिंह एवं रामलाल ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को देर रात तक भक्तिमय वातावरण में बांधे रखा।
कार्यक्रम का आयोजन काशी विश्वनाथ साईं धाम के प्रधान पुजारी पंडित सरल महाराज के सान्निध्य में विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर होटल उद्यमी गीता अग्रवाल, संजय सिंघल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य, जितेंद्र, नबिता एवं सुरेखा अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अंत में महाप्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पुरुषोत्तम मास के दौरान मंदिर परिसर में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।