प्रतापगढ़। श्री केसरी व्यायामशाला, प्रतापगढ़ द्वारा आयोजित सात दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह समाजसेवी एवं पूर्व भाजपा जिला महामंत्री गजेंद्र चंडालिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अविश बोरदिया ने की, जबकि नाहरसिंह सिसोदिया, गिरजाशंकर शर्मा, गोपाल मोदी, विष्णु कुमावत, दिलीप तिवारी एवं मिलन शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा भगवान बजरंगबली के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कर किया गया। अतिथियों का स्वागत व्यायामशाला के गुरु आनंद स्वरूप आर्य, मुकेश भावसार, नीतेश सोनी, कमलेश कंकरेचा, राकेश पालीवाल एवं रामलाल मीणा ने भगवा उपरना ओढ़ाकर किया।
शिविर के दौरान बाल पहलवानों द्वारा सीखे गए आत्मरक्षा एवं व्यायाम के करतबों का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, जिसे देखकर उपस्थित जनसमुदाय उत्साहित हो उठा।
मुख्य अतिथि गजेंद्र चंडालिया ने अपने संबोधन में कहा कि व्यायामशालाएं केवल कुश्ती, कराटे एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण का केंद्र ही नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि व्यायाम से शरीर स्वस्थ एवं बलिष्ठ बनता है, मन का भय दूर होता है तथा सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बाल पहलवानों से प्रतापगढ़ जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने का आह्वान किया।
व्यायामशाला के गुरु आनंद स्वरूप आर्य ने कहा कि सात दिवसीय आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर ने जिले में एक नई पहल स्थापित की है। कार्यक्रम का संचालन राजेश सुथार ने किया, जबकि अंत में आभार गुरु आनंद स्वरूप आर्य ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने प्रशिक्षण देने वाले संजय परमार, मनीष कुमार, अभिजय आर्य, कमल यादव एवं कालूलाल यादव को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले बाल पहलवानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।