नीमच। सिंगोली एवं जावद क्षेत्र में तेंदुए की लगातार मूवमेंट से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्राम काकरिया तलाई में सोमवार देर रात एक घर की टीनशेड पर तेंदुआ बैठा दिखाई देने से हड़कंप मच गया। वहीं जावद तहसील के मालगढ़ गांव में पिछले एक माह से तेंदुए की मौजूदगी लगातार चिंता का कारण बनी हुई है।

काकरिया तलाई में ग्रामीणों ने घर की छत पर तेंदुआ देखे जाने के बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी। तेंदुआ दिखाई देते ही ग्रामीणों में भय का माहौल बन गया और लोग घरों से बाहर निकलने से बचते रहे।

इधर मालगढ़ गांव में भी तेंदुए का आतंक लगातार जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ पिछले लगभग एक माह से गांव एवं आसपास के जंगल क्षेत्र में घूम रहा है। अब तक वह करीब 18 से 20 गायों एवं अन्य मवेशियों का शिकार कर चुका है।

ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए ने 12 मई को पहली बार गांव के एक बाड़े में बंधी गाय का शिकार किया था, जिसके बाद से लगातार हमलों का सिलसिला जारी है। स्थिति यह है कि शाम होते ही ग्रामीण घरों में कैद होने को मजबूर हैं और खेतों में जाना भी जोखिम भरा हो गया है।

ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़कर सुरक्षित जंगल क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। वन विभाग की टीम ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है।
