चित्तौड़गढ़। विश्व हिंदू परिषद के युवा आयाम बजरंग दल का सात दिवसीय प्रांतीय ‘शौर्य प्रशिक्षण वर्ग’ भव्य समापन समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। इस आवासीय शिविर में प्रांत के विभिन्न जिलों से आए 90 से अधिक युवाओं ने भाग लिया।
समापन समारोह की शुरुआत मुख्य वक्ता राजस्थान के संगठन मंत्री राजाराम, प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह नागदा एवं वर्ग प्रमुख करण सिंह चौधरी द्वारा भारत माता, श्रीराम एवं भगवान हनुमान जी के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
विहिप के विभाग मंत्री विश्वनाथ टांक ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान युवाओं ने दंड संचालन, नियुद्ध (बिना हथियार आत्मरक्षा), योग क्रियाएं एवं साहसिक खेलों का प्रदर्शन किया, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।
प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह नागदा ने कहा कि यह प्रशिक्षण वर्ग युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के विकास का माध्यम है। वहीं संगठन मंत्री राजाराम ने कहा कि बजरंग दल का उद्देश्य सेवा, सुरक्षा और संस्कार है।
शिविर के शारीरिक प्रमुख योगेश दशोरा ने बताया कि सात दिनों तक दिनचर्या प्रातः 4.30 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक अनुशासित रूप से संचालित रही, जिसमें विभिन्न बौद्धिक सत्र भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में विहिप एवं बजरंग दल के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समापन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।