सिंगोली। क्षेत्र के तिलस्वा घाट पर मंगलवार रात एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पिछले दो दिनों में इसी घाट पर यह दूसरा बड़ा हादसा है।

जानकारी के अनुसार राजस्थान के धौलपुर से बांसवाड़ा जा रहा पिकअप वाहन क्रमांक आरजे 14-जीएन-6549 रात करीब 10 बजे तिलस्वा घाट के खतरनाक मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। वाहन में पेंट की बाल्टियां भरी थीं, जिनके ऊपर मजदूर बैठे हुए थे। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।

मृतक एवं घायल मजदूर उत्तर प्रदेश और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। घायल मोहम्मद जाकिर, इदरीस और सोमपाल को प्राथमिक उपचार के बाद कोटा रेफर किया गया है।

सूचना मिलते ही सिंगोली थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा एवं तहसीलदार प्रेमशंकर पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया तथा वाहन जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि रविवार को भी इसी तिलस्वा घाट पर एक यात्री बस पलट गई थी, जिसमें 30 यात्री घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों के बाद स्थानीय लोगों ने घाट पर सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
