सिंगोली। तिलस्वा महादेव घाट पर 48 घंटे के भीतर दूसरा बड़ा सड़क हादसा हो गया। सोमवार रात धौलपुर से बांसवाड़ा जा रही पिकअप क्रमांक 14-जीएन-6548 अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। इससे पहले भी इसी स्थान पर यात्री बस खाई में गिरने की घटना हो चुकी है।
लगातार हो रहे हादसों को लेकर क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर बाउंड्री वॉल, रेडियम संकेतक, चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजामों का अभाव है, जिसके कारण दुर्घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक बड़े हादसे नहीं होते, तब तक व्यवस्था सुधार पर ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों ने क्रैश बैरियर, स्पीड कंट्रोल व्यवस्था और सड़क सुधार की तत्काल मांग की है।
साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है। क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों से लोगों में गहरा आक्रोश है।