भौरासा। ईद-उल-अजहा (बकरा ईद) का पर्व नगर में हर्षाेल्लास और परंपरागत उत्साह के साथ मनाया गया। तालिब शाह बाबा की दरगाह से निकला भव्य जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ ईदगाह पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा की।
ईदगाह पर जामा मस्जिद बड़ा मोहल्ला के पेश इमाम हाफिज आसिफ रजा साहब तथा नन्हा मोहल्ला मस्जिद ग्राउंड पर काजी अब्दुल वहाब खान साहब ने नमाज़ अदा कराई। नमाज़ के बाद देश में अमन, शांति और तरक्की की दुआ की गई।
इमामों ने अपने संदेश में गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने तथा आपसी प्रेम और भाईचारे से रहने की अपील की। इस दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। वहीं जनप्रतिनिधियों ने इमाम और काजी साहब का साफा बांधकर सम्मान किया और सभी को ईद की मुबारकबाद दी।
इसके पश्चात आजाद चोक पर नगर परिषद अध्यक्ष संजय कुमार जोशी, उपाध्यक्ष जयसिंह ठाकुर राणा एवं पार्षदों ने काजी साहब और इमाम साहब का साफा बांधकर सम्मान किया और सभी को ईद की मुबारकबाद दी।
नगर परिषद अध्यक्ष संजय कुमार जोशी ने कहा कि ईद का यह पर्व हमें आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता का संदेश देता है, जिसे हम सभी को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।