इंदौर। श्री नाकोड़ा जैन कांफ्रेंस कर्नाटक इकाई के आह्वान पर 31 मई रविवार पूर्णिमा के अवसर पर देशव्यापी स्तर पर “नाकोड़ा भैरव चालीसा जाप अभियान” आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत देशभर के नाकोड़ा भैरव भक्त अपने-अपने घरों में परिवार सहित सामूहिक रूप से नाकोड़ा भैरव चालीसा का पाठ करेंगे।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय जैन व महामंत्री सिद्धार्थ कोठारी ने बताया कि 31 मई को प्रातः 8 बजे बजे से दोपहर 12.40 बजे तक घर-घर भैरव चालीसा जाप का विशेष आयोजन किया जाएगा। इंदौर, उज्जैन, रतलाम, देवास, मंदसौर, धार और नीमच सहित मालवा-निमाड़ क्षेत्र के करीब 20 हजार भैरव भक्त इस अभियान में भागीदारी करेंगे। उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नाकोड़ा भैरव भक्ति, धर्म संस्कार और आध्यात्मिक चेतना का व्यापक प्रसार करना है।
साल 2015 में हुई थी स्थापना
संस्था के अनुसार श्री नाकोड़ा जैन कांफ्रेंस को देश का सबसे बड़ा नाकोड़ा भैरव चालीसा प्रसार समूह माना जाता है। संस्था की स्थापना साल 2015 में उज्जैन के नानाखेड़ा स्थित श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ गृह दिरासर से संस्थापक संरक्षक प्रकाश सुराणा के मार्गदर्शन में अक्षय जैन द्वारा की गई थी।
वर्तमान में संस्था की इकाइयां देश के 39 राज्यों और प्रांतों में सक्रिय रूप से धार्मिक आयोजन एवं नाकोड़ा भैरव चालीसा प्रसार का कार्य कर रही हैं। कर्नाटक इकाई ने देशभर के श्रद्धालुओं से परिवार, मित्रों और सहयोगियों के साथ अधिक से अधिक संख्या में जुड़कर इस आध्यात्मिक अभियान को सफल बनाने की अपील की है।