मंदसौर। दलौदा तहसील के अंतर्गत ग्राम निम्बाखेड़ी में प्लॉट पर अवैध कब्जे और धमकाने के आरोप लगाते हुए एक परिवार शुक्रवार को तेज धूप में गांधी चौराहे पर धरने पर बैठ गया।
पीड़ित राजाराम धनगर ने गांव के कुछ रसूखदार लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके प्लॉट पर कब्जा कर लिया गया है। शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि तहसीलदार और पटवारी को भी कई बार अवगत कराया गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इससे परेशान होकर वे अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ कड़ी धूप में धरने पर बैठने को मजबूर हुए।
सूचना मिलने पर तहसीलदार सोनिका सिंह मौके पर पहुंचीं और परिवार से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने परिवार को समझाइश देकर अपने वाहन से तहसील कार्यालय ले जाकर मामले की जांच का आश्वासन दिया।