चित्तौड़गढ़। विश्व तंबाकू निषेध दिवस एवं नव दशक उत्सव के उपलक्ष्य में ब्रह्माकुमारीज प्रताप नगर सेवा केंद्र पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेवा केंद्र संचालिका राजयोगिनी आशा दीदी ने तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
आशा दीदी ने कहा कि तंबाकू एक धीमा जहर है, जो शरीर को अंदर से खोखला कर देता है। इसके सेवन से कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं। उन्होंने बताया कि तंबाकू का दुष्प्रभाव केवल सेवन करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोग भी इससे प्रभावित होते हैं।
उन्होंने सभी उपस्थितजनों से तंबाकू एवं अन्य नशों से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक व्यक्ति को नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करने का संकल्प ले। उन्होंने बताया कि सरकार एवं ब्रह्माकुमारीज द्वारा संयुक्त रूप से व्यसन मुक्ति अभियान चलाए जा रहे हैं, जिनके तहत गांवों, स्कूलों एवं महाविद्यालयों में जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित भाई-बहनों ने नशामुक्त समाज के निर्माण हेतु शपथ ग्रहण की तथा तंबाकू एवं अन्य नशों से दूर रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ, सुखी एवं समृद्ध जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।