मंदसौर। जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बेटीखेड़ी में शनिवार को राष्ट्रीय पक्षी मोर के शिकार का मामला सामने आया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने दो संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया और डायल-112 पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मृत मोर और दोनों आरोपियों को लेकर नाहरगढ़ थाने पहुंची, जबकि मामले की जांच के लिए वन विभाग को भी सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार, मोर के शिकार की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने कथित रूप से शिकार करने वाले दो युवकों को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मृत मोर को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वन विभाग की टीम रवाना-
जिला वन मंडल अधिकारी (डीएफओ) संजय रायखेरे ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मंदसौर से नाहरगढ़ के लिए रवाना कर दी गई है। टीम द्वारा घटनास्थल और परिस्थितियों की जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। जांच के आधार पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मारपीट का वीडियो भी आया सामने-
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग आरोपियों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में आरोपी पुलिस के पास खड़े होकर हाथ जोड़ते नजर आ रहे हैं। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।