मनासा। नगर में विराजमान दिगम्बर जैन संत एवं अर्हम ध्यान योग के प्रणेता आचार्य श्री 108 प्रणम्यसागर जी महाराज के सानिध्य में 1 जून, सोमवार को प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक अर्हम ध्यान योग शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन वर्धमान धर्मशाला में किया जाएगा।
मुनि सेवा समिति के सदस्य मनोज गांधी, नितेश जैन एवं गणेश जैन ने बताया कि महाराज श्री के मनासा प्रवास के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं, जिनका लाभ बड़ी संख्या में श्रद्धालु ले रहे हैं।
उन्होंने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक शांति दोनों की आवश्यकता है। अर्हम ध्यान योग केवल ध्यान साधना नहीं, बल्कि योग और ध्यान के माध्यम से शरीर को ऊर्जा, मन को स्थिरता तथा जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करने का प्रभावी माध्यम है।
महाराज श्री के सानिध्य में आयोजित इस विशेष शिविर में प्रतिभागियों को योग के माध्यम से शारीरिक स्फूर्ति तथा ध्यान के जरिए मानसिक एवं आत्मिक शांति का अनुभव प्राप्त होगा। प्रातःकालीन वातावरण में होने वाला यह आयोजन स्वास्थ्य, एकाग्रता, आत्मविश्वास और आंतरिक प्रसन्नता के विकास में सहायक सिद्ध होगा।
दिगम्बर जैन समाज ने नगर के धर्मप्रेमी बंधुओं, मातृशक्ति, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ लेने की अपील की है। आयोजन स्थल पर महिला एवं पुरुषों के लिए पृथक एवं सुव्यवस्थित बैठने की व्यवस्था की गई है।