चित्तौड़गढ़। कल्याण नगरी स्थित श्री शेषावतार कल्लाजी वेदपीठ एवं शोध संस्थान तथा श्री कल्लाजी मंदिर मंडल न्यास के तत्वावधान में 21वां अष्टदिवसीय एकविशांति कल्याण महाकुंभ आगामी 1 से 8 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। महाकुंभ के दौरान श्री लिंग महापुराण कथा एवं अति महारुद्र महायज्ञ का आयोजन होगा, जिसमें देशभर से संत-महात्मा एवं हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
शंकराचार्य को दिया महाकुंभ का निमंत्रण-
महाकुंभ की तैयारियों के तहत वेदपीठ एवं न्यास के पदाधिकारियों ने भानपुरा पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें महाकुंभ में पधारने का आमंत्रण दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी कराया गया।
7 जून से घर-घर पहुंचेगा निमंत्रण-
वेदपीठ के वीर-वीरांगनाओं द्वारा 7 जून रविवार से कल्याण नगरी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर पीले चावल, पुष्प एवं प्रचार सामग्री के माध्यम से श्रद्धालुओं को महाकुंभ का निमंत्रण दिया जाएगा। साथ ही घरों के बाहर ‘सांभ सदा शिव’ के स्टीकर लगाकर शिवमय वातावरण बनाने का संदेश दिया जाएगा।
21 जून को निकलेगी भव्य कल्याण महापदयात्रा-
महाकुंभ के उपलक्ष्य में 21 जून रविवार को श्री कल्लाजी मंदिर से चित्तौड़गढ़ दुर्ग तक भव्य आध्यात्मिक कल्याण महापदयात्रा निकाली जाएगी। वेदपीठ पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से पदयात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
महाकुंभ की तैयारियों में न्यासीगण, कल्याण भक्त, वीर-वीरांगनाएं, कृष्णा शक्ति दल की मातृशक्ति एवं शक्ति ग्रुप की बालिकाएं सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।