मनासा। सेमली आंतरी क्षेत्र में नदी में डूबे युवक लखन सिंह का शव घटना के तीन दिन बाद रविवार सुबह नदी में दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए मनासा शासकीय अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दो दिन पूर्व पिता और पुत्र नदी में नहाने गए थे। इस दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए। हादसे में पिता की मौत हो गई थी और उनका शव घटना वाले दिन ही बरामद कर लिया गया था, जबकि पुत्र लखन सिंह लापता हो गया था।
रविवार सुबह नदी में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम कराया।
थाना प्रभारी भीम सिंह ने बताया कि पिता-पुत्र नदी में नहाने के दौरान हादसे का शिकार हो गए थे। पिता का शव घटना वाले दिन ही मिल गया था, जबकि पुत्र लखन सिंह का शव तीन दिन बाद बरामद हुआ। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।