चित्तौड़गढ़। उपनगरीय क्षेत्र मधुवन विस्तार स्थित श्री धरणीधर सर्किल से महेशपुरम जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति से क्षेत्रवासी लंबे समय से परेशान हैं। सड़क पर गड्ढों की भरमार होने के कारण शनिवार रात हुई हल्की बारिश के बाद मार्ग पर जलभराव हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया।
यह मार्ग क्षेत्र की दर्जनभर कॉलोनियों के निवासियों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। शंकरपुरम, शिव विहार, शिवपुरम, अमन विहार, उदय विहार, प्रेम रेजीडेंसी, श्यामनगर और महेशपुरम सहित कई कॉलोनियों के लोग प्रतिदिन इसी सड़क से आवागमन करते हैं। सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहन चालकों, राहगीरों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में भी इस समस्या को लेकर समाचार प्रकाशित हुए थे, जिसके बाद प्रशासन द्वारा केवल लाल मिट्टी डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई थी। बारिश के बाद वही मिट्टी कीचड़ में तब्दील हो गई, जिससे समस्या और बढ़ गई है।
कुछ समय पहले इसी मार्ग पर नाला निर्माण कार्य के दौरान भी सड़क पर पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ था। सड़क मार्ग पर दो-तीन विद्यालय स्थित होने के कारण विद्यार्थियों को भी रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि नगर परिषद को सड़क की खराब स्थिति की जानकारी होने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। जबकि शहर के अन्य क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य जारी हैं, इस महत्वपूर्ण मार्ग की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
कॉलोनीवासियों ने नगर परिषद और प्रशासन से मांग की है कि मार्ग का शीघ्र डामरीकरण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि इसी मार्ग से प्रशासनिक अधिकारी भी नई कोर्ट और सदर थाना की ओर आवागमन करते हैं, इसके बावजूद सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया जा रहा है।