नीमच। दाऊदी बोहरा समाज की अग्रणी सामाजिक संस्था हैदरी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा रविवार को बोहरा कम्युनिटी हॉल में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों का गौरवपूर्ण अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम शिक्षा, प्रतिभा और सामाजिक जागरूकता का प्रेरणादायी मंच बनकर उभरा।
कार्यक्रम का शुभारंभ पवित्र कुरान मजीद की तिलावत के साथ हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ज्ञानोदय विश्वविद्यालय की चांसलर डॉ. माधुरी चौरसिया, पीएम श्री पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा, उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल व्यास, समाज के आमील साहब, सेक्रेटरी हुसामुद्दीन डेरकी सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 17 तथा 12वीं कक्षा के 8 विद्यार्थियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा एमबीबीएस, बीडीएस, सीए, सीएस और बीएचएमएस जैसी प्रोफेशनल डिग्रियां प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली युवाओं का भी विशेष सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. माधुरी चौरसिया ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा एवं करियर के विविध अवसरों की जानकारी देते हुए लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने की प्रेरणा दी। डॉ. प्रशांत मिश्रा ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए महिला शिक्षा एवं सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. अनिल व्यास ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव और आधुनिक शिक्षा के बदलते स्वरूप पर अपने विचार व्यक्त किए।
हैदरी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष ताहेर बूटवाला ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना और उन्हें नई ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए प्रेरित करना है। कार्यक्रम का संचालन गुलाम अली मालू एवं निसरीन सिद्धपुरवाला ने किया, जबकि अंत में अली असगर डेल्टा ने आभार व्यक्त किया।
समारोह में संस्था के सचिव अकील डेरकी, उपाध्यक्ष अब्बास प्रिंस, पदाधिकारी, सदस्य, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान से सजे इस आयोजन ने शिक्षा, संस्कार और उत्कृष्टता के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को एक बार फिर सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।